|
अहमदाबाद।गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की मुसीबतें कम होने की बजाय बढ़ती ही जा रही है। संजय जोशी को भाजपा से विदा करवाने से जोशी के समर्थक उनके पीछे हाथ धो कर पड़ गए लगते हैं।गुजरात की सड़कों पर एक बार फिर मोदी के खिलाफ पोस्टर दिखे हैं। इनमें मोदी को गुजरात की सास बताया गया है। इन पोस्टरों में हिंदी फिल्मों में बुरी सासों का रोल कर चुकी अभिनेत्रियों की तस्वीरों के साथ मोदी की तस्वीर लगाई गई है। इनमें भाजपा के बागी नेता केशुभाई पटेल बनाम शंकर सिंह वाघेला की लड़ाई का भी जिक्र किया गया है। पोस्टर में मोदी पर कई आरोप लगाए गए हैं। सबसे बड़ा आरोप यही है कि किस प्रकार नरेंद्र मोदी ने गुजरात में फूट डालने की कोशिश की है। मोदी पर भाजपा तक में लड़ाई करवाने के आरोप लगाए गए हैं और पोस्टर के अंत में लिखा है कि अब बोलो, मोदी हैं ना गुजरात की सास। इससे पहले अहमदाबाद से लेकर दिल्ली और लखनऊ तक की सड़कों पर ऐसे ही पोस्टर दिख चुके हैं। यहां तक की नरेंद्र मोदी के के गृह जिले मेहसाणा में जगह-जगह मुख्यमंत्री के खिलाफ पोस्टर लगाए जा चुके हैं। जहां भी मोदी के खिलाफ ऐसे पोस्टर दिखते हैं, भाजपा कार्यकर्ता पोस्टर उखाडऩे में जुट जाते हैं। चार जून की मध्य रात्रि से जोशी के समर्थन में अज्ञात समर्थकों ने पोस्टर वॉर शुरू किया था।
|