|
पटना. आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी को चुनौती देते हुए कहा है कि वे उनसे पटना के गांधी मैदान में कुश्ती लड़ लें। लालू ने कहा कि जो मुझे बुड्ढा कह रहा है कभी वह मेरा सचिव हुआ करता था। लालू दरभंगा में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। सुशील मोदी ने करीब डेढ़ महीने पहले लालू को 'बुड्ढा' कहा था।दूसरी तरफ, बीजेपी और जेडी(यू) के बीच खींचतान तेज होती जा रही है। ताज़ा घटनाक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इशारे-इशारे में बीजेपी को खुली चुनौती देते हुए कहा है, 'अगर कोई भी हमारी पार्टी छोड़कर जाना चाहता है तो वे (बीजेपी) उन्हें ले जा सकते हैं। मुझे इस पर कोई ऐतराज नहीं है। नीतीश ने यह बात सोमवार को जनता दरबार के बाद कही।' नीतीश कुमार के ताज़ा बयान को बीजेपी की बिहार ईकाई के अध्यक्ष डॉ. सीपी ठाकुर के बयान के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। डॉ. ठाकुर ने कुछ दिनों पहले कहा था कि जेडी(यू) के कई विधायक और सांसद उनके संपर्क में हैं और वे टूटकर बीजेपी में आ सकते हैं। जेडी(यू) ने नरेंद्र मोदी के बाद अब अब बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को निशाने पर लिया है। जेडी(यू) के प्रवक्ता शिवानंद तिवारी ने आडवाणी पर हमला बोलते हुए कहा कि वे मोदी की तारीफ कर उन्हें बेकसूर साबित करने की बेकार कोशिश कर रहे हैं। तिवारी ने कहा, 'आडवाणी बेमतलब की कोशिश कर रहे हैं। तिवारी ने कहा कि आडवाणी मोदी को एक आदर्श के तौर पर पेश किया, जिसने तत्कालीन राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम का 2002 में गुजरात में स्वागत किया था और उनके साथ गुजरात का दौरा किया था।'
|